Chitrangi SDM Suspended: मध्य प्रदेश में अधिकारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की चेतावनी का भी जमीनी स्तर पर कोई असर नहीं हो रहा है. हाल ही में ड्राइवर से औकात पूछने वाले शाजापुर कलेक्टर से लेकर एसडीएम बांधवगढ़ द्वारा दो युवकों की बेरहमी से पिटाई मामले में भी मुख्यमंत्री के सख़्त तेवर मानों प्रशासनिक अमले को यह अहसास नहीं करा पाए कि सरकार द्वारा गलतियों को नजरअंदाज करने के बजाय अब कड़ा एक्शन लिया जायेगा.

प्रदेश की इन दो बड़ी घटनाओं के बाद भी सीएम मोहन यादव की सख्ती का असर प्रशासनिक अमले में अगर दिखाई दे जाता तो शायद हाल ही में सिंगरौली जिले से सामने आई यह घटना नहीं होती. दरअसल, सिंगरौली जिले के चितरंगी एसडीएम की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जो महिला कर्मचारी से जूते के फीते बंधवा रहे हैं.

viral image

अब इस मामले में मुख्यमंत्री द्वारा कड़ा एक्शन लिया गया है. सीएम मोहन यादव ने इस मामले पर एक्शन लेते हुए चितरंगी एसडीएम को हटाने के निर्देश जारी कर दिए हैं. उन्होंने अपने ऑफिसियल एक्स (पूर्व-ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट में लिखा, सिंगरौली जिले के चितरंगी में एसडीएम द्वारा एक महिला से उनके जूते के फीते बंधवाने का मामला सामने आया है, जो अत्यंत निंदनीय है. इस घटनाक्रम को लेकर एसडीएम को तत्काल हटाने के निर्देश दिये हैं. हमारी सरकार में नारी सम्मान सर्वोपरि है.

चितरंगी एसडीएम ने दी सफाई-

हालांकि, इस सख़्त एक्शन के बाद चितरंगी एसडीएम ने अपनी सफाई में बताया कि कुछ दिन पहले मुझे चोट लग गई थी. जिसके कारण चलने-फिरने में तकलीफ होती है. मेरे स्टाफ के लोग मदद करके मुझे बैठाते है. घटना का जिक्र करते हुए बोले, 22 जनवरी को चितरंगी के हनुमान मंदिर में गया था तो जूते निकाल दिए थे. वहां से जाते समय मैंने जूते पहन लिए थे, लेकिन शू लैस खुला हुआ था. जिसे तकलीफ के कारण बांध नहीं पा रहा था तो मेरी जो कर्मचारी हैं उन्होंने इसे बांधने में मेरा सहयोग किया. इसके लिए मैंने उन्हें आदेश नहीं दिया था.

वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो महिला कर्मचारी का कहना है कि जूते एसडीएम साहब पहन चुके थे, मैंने अपनी इच्छा से उनकी मदद करते हुए सिर्फ फीते बांधे थे. ख़ैर, इस घटना की तस्वीर वायरल होने से शुरू हुए बवाल पर अब सीएम मोहन यादव के एक्शन ने विराम लगा दिया है.

तस्वीर कब वायरल हुई?

बता दें कि यह वायरल तस्वीर 22 जनवरी की हैं. जब चितरंगी में राज्य मंत्री राधा सिंह की मौजूदगी में श्री राम लला प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम चल रहा था. उसी दिन कार्यक्रम खत्म होने के बाद एसडीएम साहब जाने लगे तभी किसी ने महिला से जूते के लेस बंधवाने की फोटो ले ली और वायरल कर दी. बताया जा रहा है कि जूते के लेस बांधने वाली महिला कर्मचारी एसडीएम की विभागीय लिपिक थी.