राजस्थान के मंत्रिमंडल विस्तार में एक चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया है। यहाँ BJP ने सुरेंद्र पाल सिंह को चुनाव जीतने से पहले ही मंत्री पद की शपथ दिला दी गई। सुरेंद्र पाल सिंह श्रीकरणपुर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं।
श्रीगंगानगर जिले की श्रीकरणपुर विधानसभा सीट पर पांच जनवरी 2024 को मतदान होना है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान श्रीकरणपुर से कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर की मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने सीट पर चुनाव रद्द कर दिया था। अब 5 जनवरी को यहाँ मतदान होना है।
कांग्रेस ने गुरमीत सिंह के बेटे रुपिंदर सिंह कुन्नर उर्फ रूबी कुन्नर को उम्मीदवार बनाया है, जिनका मुकाबला भाजपा के उम्मीदवार सुरेंद्र पाल सिंह से होना है। यह देश का पहला मामला है, जब चुनाव नतीजे से पहले किसी प्रत्याशी को मंत्री बनाया गया हाे।
दूसरी ओर शनिवार को किरोड़ीलाल मीणा, गजेंद्र सिंह खींवसर, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, बाबूलाल खराड़ी, मदन दिलावर, जोगाराम पटेल, सुरेश सिंह रावत, अविनाश गहलोत, जोराराम कुमावत, हेमंत मीणा, कन्हैयालाल चौधरी और सुमित गोदारा ने कैबिनेट मंत्री की शपथ ली।
वहीं संजय शर्मा, गौतम कुमार दक, झाबर सिंह खर्रा, सुरेंद्र पाल टीटी, हीरालाल नागर को राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) की शपथ दिलाई गई। ओटाराम देवासी, विजय सिंह चौधरी, मंजू बाघमार, केके विश्नोई, जवाहर सिंह बेढ़म ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली।