कानों को सुन्न कर देने वाली पुंगी की जोरदार आवाज तो आपने सुनी ही होगी। धार्मिक आयोजनों या फिर भीड़-भाड़ वाली जगहों पर आपने हमेशा ऐसे ही कुछ पुंगीबाज शोहदों को तो देखा ही होगा।  

सड़कों पर या जनता के बीच पुंगी से शोर मचाने वाले इन अराजकतत्वों से आम जनता कई बार परेशान हो जाती हैं। यहां तक कि ये पुंगीबाज कई बार तो ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों की नाक में भी दम कर देते है, क्योंकि ये शोहदे तेज रफ़्तार बाइक या फिर महंगी कारों में आकर पुलिस वालों के सामने तेज़ आवाज में पुंगी बजाकर फरार हो जाते हैं।

ये घटना कोई एक जगह की नहीं बल्कि आपको कही ना कही से कुछ इसी तरह की घटनाएं देखने या सुनने को मिल ही जाएगी। अब पुलिस भी जैसे को तैसा सबक सीखा रही है। 

अक्सर अपने मनोरंजन के लिए नवरात्रि, दशहरे और दिवाली पर ये लोग सड़कों पर आम जनता के कानों के पास पुंगी बजाकर अराजकता फैलाने का काम करते हैं। लेकिन अब ऐसे युवाओं को सबक सिखाने के लिए पुलिस ने भी तरकीब निकाल ली है।

मध्य प्रदेश की जबलपुर पुलिस ने शोर मचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके कान में ही पुंगी बजाना शुरू कर दिया। यही नहीं बीच सड़क पर इन पुंगीबाज़ों से उठक-बैठक भी लगवाई जा रही है। साथ ही पुलिस ने कार्रवाई के दौरान उनकी पुंगी भी जब्त कर रही है। पुलिस द्वारा सजा दिए जाने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। 

बता दें कि पुलिस ने यह कार्रवाई शिकायतों के आधार पर की है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पुंगीबाजों की हरकते रोजाना बढ़ती जा रही हैं, जिससे नई युवा पीढ़ी पर भी ग़लत प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही आम जनता भी इनसे काफ़ी परेशान होकर शिकायत कर रही हैं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है।