सोमवार 22 जून दोपहर 2:15 बजे यूपी की राजधानी लखनऊ में एक दो मंज़िला इमारत में आग लग गई। इस घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो गई है, इनमें से ज़्यादातर छात्र हैं। खबरों के मुताबिक, अभी भी करीब पांच बच्चे फंसे हो सकते हैं। दूसरी मंज़िल पर स्थित कोचिंग सेंटर के छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था।

एक बच्चे ने पहली मंज़िल से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह नीचे लगी मेटल की ग्रिल पर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौजूद हैं और आग बुझाने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है। SDRF और NDRF की टीमें भी पहुंच गई हैं। 

शवों को बाहर निकालने के लिए फायरफाइटर्स ने इमारत की पिछली दीवार तोड़ दी है। करीब 14 एम्बुलेंस बुलाई गई हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद मौके पर पहुंच गए हैं। सीएम योगी अलीगढ़ का दौरा बीच में ही छोड़कर लखनऊ लौट रहे हैं। जिस इमारत में आग लगी, वह अलीगंज इलाके में है। बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंज़िल पर एक पेट शॉप और क्लिनिक है। दूसरी मंज़िल पर 'लर्निंग स्पेस' नाम का लाइब्रेरी-कम-कोचिंग सेंटर और 'हेड हॉपर स्टूडियो' है, जो 3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का काम करता है।