स्वच्छ भारत अभियान के तहत एक अक्टूबर को घोषित स्वच्छता रैंकिंग में इंदौर को छठी बार पहला स्थान मिला है। वहीं बड़े राज्यों में मध्यप्रदेश को पहला स्थान प्राप्त हुआ है। छोटे राज्यों में पहला स्थान त्रिपुरा ने पाया है। पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इंदौर मॉडल को पूरे देश में लागू करने की जरुरत बताई।
स्वच्छता रैंकिंग में एक लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में इंदौर ने फिर बाजी मारी है। दूसरे स्थान पर सूरत तो तीसरे स्थान पर नवी मुंबई है।
एक लाख से कम आबादी वाले शहरों में पहला स्थान महाराष्ट्र के पंचगनी को दिया गया है। दूसरा स्थान छत्तीसगढ़ के पाटन को मिला है। तीसरे स्थान पर महाराष्ट्र का कराड़ शहर आया है। वहीं 100 से ज्यादा शहरों वाले राज्य में मध्यप्रदेश ने बाजी मारी है।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की रैंक भी पिछली बार के मुकाबले सुधरी है। इस बार भोपाल ने छठवां स्थान पाया है। पिछली बार यह 7वें स्थान पर था। वहीं पिछले सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश की रैंकिंग तीन थी। इंदौर में रैंकिंग को लेकर उत्साह था। कई जगह कार्यक्रम लाइव देखा गया। बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाकर इंदौर के लोग नतीजों को देख रहे थे।