इंदौर के खजराना स्थित गणेश मंदिर में पर चतुर्थी मेला 29 जनवरी सोमवार से शुरु हो गया है। इस मौके पर इंदौर कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष आशीष सिंह ने अपनी पत्नी के साथ खजराना मंदिर में पूजन किया। पूजन के बाद प्रशासक हर्षिका सिंह एवं अन्य अतिथियों की उपस्थिति में सुबह 10 बजे खजरा स्थित गणेश मंदिर में भक्त मंडल द्वारा तैयार तिल एवं गुड़ के सवा लाख लड्डुओं का वितरण कर महोत्सव का शुभारंभ किया गया।
आपको बता दें, कि खेमजी महाराज के मार्गदर्शन में 40 रसोइये पिछले 5 दिनों से आठ भट्टियों पर लगातार लड्डू बना रहे थे। रविवार रात 12 बजे बप्पा को भोग अर्पित किया गया। सोमवार को सुबह 10 बजे कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त ने परिसर के 40 मंदिरों में ध्वजारोहण कर और भगवान गणेश को स्वर्ण मुकुट सहित सोने के आभूषणों से सजाकर तीन दिवसीय तिल चतुर्थी मेले का उद्घाटन किया। इसके बाद भगवान गणेश को सवा लाख लड्डुओं का भोग लगाया गया और भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
मंदिर के प्रशासक घनश्याम शुक्ला ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में महाकाल की तर्ज पर दर्शन की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी को आधे घंटे से ज्यादा इंतजार न करना पड़े। मंदिर को आकर्षक फूलों और विद्युत सज्जा से सजाया गया है। मंदिर की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर रोशनी, साफ-सफाई आदि की भी व्यवस्था की गयी है। मेले में कई दुकानें भी लगेगी।