इंदौर में एक युवती के वायरल वीडियो से सनसनी मच गई। एक्टिव पुलिस ने जब वीडियो को लेकर पड़ताल की तो मामला पुराना निकला। पुलिस जब वीडियो में दिख रही युवती को लेकर थाने पहुंची तो वहां युवती ने एक मीडियाकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया।
दरअसल शनिवार को इंदौर का एक हाईप्रोफाइल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में एक लग्जरी कार में युवती को जबर्दस्ती बिठाते हुए देखा जा रहा था। युवती खुद को बचाने के लिए चिल्ला रही थी।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस एक्टिव हुई और पुलिस ने तत्काल वीडियो में दिख रही युवती को तलाश लिया। पुलिस युवती को लेकर थाने आ गई। युवती ने पुलिस को बताया कि वीडियो करीब छह महीने पुराना है और कार में जो शख्स था वह उसका चचेरा भाई था जिससे उसका विवाद हो गया था और अब इस विवाद का पटाक्षेप हो गया है।
इतने के बाद एक नया ड्रामा थाने में सामने आया। पूछताछ के बाद थाने से बाहर निकली युवती ने एक मीडियाकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया। मीडियाकर्मी को युवती ने थप्पड़ क्यों जड़ा यह पता नहीं चल सका है हालांकि यह कहा जा रहा है कि मीडियाकर्मी ने ही युवती का वीडियो वायरल किया था।