दुबई में 2 दिसंबर को होने वाले विश्व जलवायु परिवर्तन शिखर सम्मेलन में शिरकत करने इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव दुबई पहुंचे हैं। यहाँ दुबई में रह रहे इंदौर के लोगों ने मालवी पगड़ी पहनाकर व हार पुष्प के साथ दुबई एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दुबई में रह रहे इंदौर और मध्यप्रदेश के निवासियों को इंदौर और प्रदेश के विकास में भागीदारी करने के लिए आमंत्रित किया। साथ ही महापौर ने इंदौर का फ्यूचर प्लान बताया कि किस तरह से इंदौर दुनिया के सबसे बेहतरीन शहरों में से एक बनने जा रहा है। 

महापौर ने कहा कि जिस तरह से आप दुबई में कारोबार का विस्तार कर रहे हैं उसी तरह इंदौर में भी निवेश कर अपने व्यापार को नई ऊंचाइयां दें। प्रशासन और सरकार निवेश के लिए सुलभ नीतियां बना रहा है जिससे दुनियाभर के निवेशक इंदौर की तरफ आ रहे हैं। आप सब भी इस मौके का लाभ उठाएं और इंदौर में निवेश करें।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव दुबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में विश्व जलवायु शिखर सम्मेलन में अपनी बात रखेंगे। वे इंदौर की स्वच्छता सहित अन्य क्षेत्रों में जनभागीदारी के माध्यम से अर्जित उपलब्धियों को प्रबुद्धजनों के सम्मुख प्रस्तुत करेंगे।