भोपाल : राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे अपने जिले के सरकारी स्कूलों में गुजरात राज्य में संचालित तिथि भोजन की शुरुआत करें।
तिथि भोजन में समुदाय, स्वैच्छिक संगठनों तथा दानदाताओं के माध्यम से परिवार के लोगों की जन्म तिथि, शादी या अन्य शुभ अवसरों पर स्कूल के विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन के साथ अतिरिक्त पोषण आहार उपलब्ध कराने हेतु प्रेरित किया जाये।
दरअसल पिछले दिनों प्रधानमंत्री ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सन्दर्भ में बैठक की थी जिसमें उक्त प्रकार के सुझाव आये थे। केंद्र के शिक्षा मंत्रालय ने भी इस संबंध में मप्र सरकार को पत्र भेजा था। इसी के अनुपालन में अब लोक शिक्षण संचालनालय ने ये निर्देश जारी किये हैं।