भोपाल: राज्य के सामाजिक न्याय विभाग के आयुक्त ई. रमेश ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर कहा है कि वे सामाजिक सुरक्षा लेने वाले पेंशनरों के कोर बैंकिंग सर्विस पोस्ट ऑफिस सेविंग बैंक अकाउन्ट प्राप्त करें।
निर्देश में बताया गया है कि भारतीय डाक विभाग द्वारा मप्र परिमंडल के अंतर्गत सभी डाकघर (शाखा डाकघर सहित) कोर बैंकिंग सर्विस (सीबीएस) के अंतर्गत जोड़े जा चुके हैं एवं इसी तरह डाक विभाग से सभी खाते (सीबीएस) खातों में परिवर्तित हो चुके हैं। साथ ही सभी डाकघर एनएसीएच-नेशनल आटोमेटेड क्लीयरिंग हाऊस/एनपीसीआई-नेशनल पेमेंट कारपोरेशन ऑफ इण्डिया की सुविधा से भी जोड़े जा चुके हैं।
इसी संबंध में डाक विभाग का आईएफएससी कोड आईपीओएस 0000डीओपी भी एक्टिव हो चुका है। साथ ही समस्त खाता धारकों से अनुरोध भी किया गया है कि संबंधित डाकघरों से स्वयं का नया सीबीएस पीओएसबी (पोस्ट ऑफिस सेविंग बैंक) अकाउन्ट नंबर प्राप्त कर केंद्र एवं राज्य शासन के हितग्राहिता पोर्टल पर अद्यतन करें ताकि उक्त हितग्राही योजनाओं की राशि संबंधित हितग्राही के सीबीएस पीओएसबी अकाउन्ट नंबर में प्राप्त की जा सके एवं उसी प्रक्रिया से मप्र राज्य के डाकघर के सीबीएस खाताधारकों को हितग्राही सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
निर्देश में कहा गया है कि सामाजिक न्याय विभाग द्वारा समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन के अंतर्गत हर माह लगभग 1600 हितग्राहियों के पीओएसबी खाते में विभिन्न पेंशन डाक विभाग के ऑफलाईन जमा कराने की प्रक्रिया की जा रही है। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करने का कष्ट करें कि समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन के अंतर्गत हितग्राहियों की सीबीएस खाता क्रमांक प्राप्त कर समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन के पोर्टल पर अपलोड करवाया जाना सुनिश्चित करें ताकि संबंधित हितग्राहियों की पेंशन सीधे हितग्राही के खाते में एनएसीएच/एनपीसीआई या डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से जमा हो सके एवं हितग्राहियों को पेंशन प्राप्त करने में विलंब न हो। इस कार्यवाही को जिलों में ऐसे हितग्राही जो पोस्ट ऑफिस से पेंशन प्राप्त कर रहे हैं, उनके खातों को सीबीएस खाता में तत्काल परिवर्तित कराये जाने की कार्यवाही की जाये।