बेशरम रंग गाने के बाद 'पठान' पर एक बार फिर गाने की धुन चुराने का आरोप लगा है। पठान का नया गाना 'झूमे जो पठान' गुरुवार को रिलीज हुआ। रिलीज होते ही गाना हिट हो गया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस बार भी सोशल मीडिया यूजर्स ने पठान संगीतकार विशाल-शेखर की चोरी पकड़ने का दावा किया है।
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि पठान का गाना 'झूमे जो पठान' कॉपी है। 'झूमे जो पठान' रिलीज होते ही सुखविंदर सिंह का एक पुराना गाना सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा है। लोगों का दावा है कि 'झूमे जो पठान' की धुन सुखविंदर सिंह के गाने से कॉपी की गी है। दोनों गानों की बीट में काफी समानता नजर आ रही है।
यूजर्स सुखविंदर सिंह और 'झूमे जो पठान' का कोलाज वीडियो बनाकर दोनों गानों में समानता दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों गानों का म्यूजिक काफी हद तक एक जैसा लगता है। इसके बाद यूजर्स ने पठान के म्यूज़िक कंपोजर्स पर सवाल उठाने शुरु कर दिए हैं।
एक शख्स ने तो इस बात का दावा तक कर दिया है, कि ये गाना अर्जुन: द वॉरियर प्रिंस फिल्म के 'कर्म की तलवार' गाने की धुन से कॉपी किया गया है। यूजर्स को सुखविंदर सिंह का गाना कॉपी किया जाना रास नहीं आ रहा है। सुखविंदर सिंह के इस गाने को लोगों ने खूब पसंद किया था।
पठान फिल्म का गाना 'झूमे जो पठान' अरिजीत सिंह ने गाया है। गाना रिलीज होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है। इस गाने को 22 घंटे में 18 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। गाने में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण का जबरदस्त डांस और केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। गाने में किंग खान का शर्टलेस अवतार भी देखने को मिला, जिसे लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं।
'झूमे जो पठान' से पहले बेशरम रंग भी रिलीज़ के साथ ही विवादों में था। इस गाने को भी कॉपी कहा जा रहा था। यूजर्स ने इस बात का दावा किया था, कि बेशर्म रंग फ्रांसीसी गायक-गीतकार जैन द्वारा गाए गए मकीबा गीत के समान है। दोनों गानों की धुन एक जैसी बताई जा रही है। वहीं बेशरम रंग गाने में दीपिका द्वारा पहनी गई ऑरेंज बिकिनी को लेकर भी काफी बवाल मचा हुआ है।
कई राजनेताओं, सेलेब्स और धार्मिक नेताओं ने दीपिका की भगवा बिकनी पर सवाल उठाए थे। दोनों गानों को लेकर विवाद जारी है। अब देखना होगा कि पठान फिल्म को लेकर आगे और क्या-क्या विवाद होते हैं।