जबलपुर के निजी अनाज गोदाम को ब्लेक लिस्ट से बाहर किया


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

इस गोदाम को वर्ष 2023-24 के सीजन के दौरान मंग उपार्जन हेतु खरीदी केंद्र बनाया गया था तथा इसमें अनियमितता मिलने पर इसे 25 अक्टूबर 2023 को ब्लेक लिस्ट कर दिया गया था..!!

भोपाल: राज्य सरकार के भण्डार निगम के एमडी अनुराग वर्मा ने जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील के ग्राम ढकरवाह में स्थित मेसर्स सिंह वेयरहाउस को ब्लेक लिस्ट से बाहर कर दिया है। अब इस गोदाम में अनाज का भण्डारण हो सकेगा। 

दरअसल इस गोदाम को वर्ष 2023-24 के सीजन के दौरान मंग उपार्जन हेतु खरीदी केंद्र बनाया गया था तथा इसमें अनियमितता मिलने पर इसे 25 अक्टूबर 2023 को ब्लेक लिस्ट कर दिया गया था। इस गोदाम की जांच में लूज एवं पाले के रुप में स्टाक बहुतायत में पाया गया था। 

गोदाम संचालक ने निगम को स्पष्टीकरण दिया था कि उनके गोदाम द्वारा खरीदी नहीं की गई है और न ही उनके द्वारा स्टाक की आनलाईन एन्ट्री की गई, यह कार्य संबंधित उपार्जन समिति का है तथा इस समिति ने क्या आनलाईन एन्ट्री की, उन्हें पता नहीं। 

गोदाम संचालक ने निगम को यह भी बताया कि गोदाम में मात्र 33 हजार 665 बोरी मूंग ही भण्डारित की गई जिसकी उनके द्वारा वेयरहाउस रसीद भी बताई। चूंकि इस गोदाम की ब्लेक लिस्ट में रहने की अवधि 24 अक्टूबर 2024 को खत्म हो गई है, इसलिये अब इसे काली सूची से बाहर कर दिया गया है।