ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली के मामले में फंसी एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज को आईफा (IIFA) अवॉर्ड 2022 में शामिल होने की मंज़ूरी मिल गई है।
दिल्ली कोर्ट ने एक्ट्रेस को अबु धाबी में होने वाले आईफा अवॉर्ड के लिए विदेश यात्रा की अनुमति दे दी है। हालांकि कोर्ट ने बड़ी शर्त भी सामने रख दी है।
दिल्ली हाई कोर्ट ने बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज को 31 मई से 6 जून तक अबू धाबी जाने की मंजूरी दी है। साथ ही जैकलीन को एक करोड़ की फिक्स्ड डिपॉजिट रिसीप्ट भी जमा करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी कहा कि अगर जैकलीन तय समय में वापस नहीं लौटती हैं तो उसे एक करोड़ की जमानत राशि जब्त कर ली जाएगी।
जैकलीन फर्नांडीज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के निशाने पर हैं। उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी है, जिसके कारण विदेश यात्रा नहीं कर सकती हैं। मुंबई एयरपोर्ट पर उन्हें पिछले साल हिरासत में भी लिया गया था।
कोर्ट ने जैकलीन को मंजूरी दते हुए कहा कि निचली अदालत के आदेश में हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं है क्योंकि यह तथ्यों पर विचार करने के बाद पारित किया गया था। साथ ही जैकलीन पर यह सुनिश्चित करने के लिए उचित शर्तें लगाई गई हैं कि वह वापस आ जाए और जांच में शामिल हो जाए।