जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के द्रास में सुरक्षा बलों के साथ जारी मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए हैं। ये तीनों आतंकी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े बताए जा रहे हैं। मुठभेड़ मंगलवार शाम को शुरू हुई थी। इसके अलावा मुलू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकी भी मारा गया है।
ADGP कश्मीर ने बताया कि शोपियां के द्रास में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए हैं।तीनों आतंकवादी स्थानीय हैं और जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े बताए जा रहे हैं। इसके अलावा करीब दो घंटे पहले मुलू में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ भी शुरू हो गई है। वहां भी एक आतंकी मारा गया है, साथ ही सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच फायरिंग जारी है।
SPO की हत्या का बदला-
पुलिस के मुताबिक, हाल ही में SPO जावेद डार और पश्चिम बंगाल के एक मजदूर की हत्या में दो आतंकवादी हनान बिन याकूब और जमशेद शामिल थे। बता दें कि 2 अक्टूबर को आतंकियों ने SPO को मार गिराया था। इसके अलावा आतंकियों ने 24 सितंबर को बंगाल के एक मजदूर की हत्या कर दी थी। 2 अक्टूबर को पुलवामा के पिंगलाना में सीआरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम पर आतंकियों ने फायरिंग की थी, जिसमें SPO जावेद अहमद डार ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए थे।
एक आतंकवादी ढेर-
इससे पहले 2 अक्टूबर को शोपियां के बसकुचन में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया था, जिसमें 2-3 आतंकी भागने में सफल रहे थे। मारा गया आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था। शोपियां के बसकुचन में रविवार सुबह सुरक्षाबलों ने 2-3 आतंकियों को घेर लिया, जिसके बाद दोनों तरफ से लगातार फायरिंग होती रही।
आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था-
आतंकवादी की पहचान नौपोरा बसकुचन निवासी नसीर अहमद भट्ट के रूप में हुई है, जो आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था। जम्मू-कश्मीर पुलिस के ADGP ने कहा कि मारे गए आतंकवादी के पास से गोला-बारूद, पिस्तौल, एके राइफल सहित कई हथियार बरामद किए गए। वह कई आतंकवादी अपराधों में शामिल था और हाल ही में एक मुठभेड़ से बच गया था।