मध्यप्रदेश में कांग्रेस की कमान अब युवाओं के हाथों में होगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व मंत्री जीतू पटवारी को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वही कांग्रेस नेता एवं विधायक उमंग सिंगार को मप्र विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष और विधायक हेमंत कटारे को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है।

उक्त आशय का पत्र आज अभा कांग्रेस कमेटी के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने जारी किया है। यह तीनों नामित युवा नेता प्रदेश में अच्छा खासा अपना नेटवर्क रखते हैं। उमंग सिंगार गंधवानी से विधायक है और हेमंत कटारे अटेर विधानसभा से विधायक हैं। जबकि जीतू पटवारी को राऊ में हार का सामना करना पड़ा था।

बड़ी बात यह है कि विधानसभा चुनाव में मिली  हार के बाद भी कांग्रेस आलाकमान ने पटवारी पर भरोसा जताया है। पटवारी को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष  राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। इसके साथ चुनाव में मिली हार के बाद कमलनाथ की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से विदाई हो गई।

इन तीनों नेताओं की नियुक्ति से मध्य प्रदेश कांग्रेस में एक नए युग की शुरुआत हो रही है।  साल  2003 में सत्ता जाने के बाद कांग्रेस ने सुभाष यादव ,सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया ,अरुण यादव, और कमलनाथ को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। कमलनाथ के साथ- चार कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति भी की गई थी जिसमें एक कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी भी थे।