भोपाल: एमपी के नगर निकाय चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में भले ही बीजेपी हार गई पर सिंधिया से पार्टी की आस अभी बरकरार हे। ज्योतिरादित्य सिंधिया को बीजेपी ने ममता बनर्जी के पश्चिम बंगाल में बड़ी जिम्मेदारी दी है। ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिम बंगाल में प्रवास मंत्री बना दिया गया है। सिंधिया को यहां की दमदम लोकसभा सीट की जिम्मेदारी दी गई है। गृह नगर ग्वालियर में ही बीजेपी के महापौर चुनाव हार जाने के बाद भी सिंधिया को यह अहम दायित्व दिया गया है. सवाल है कि क्या ज्योतिरादित्य का जादू पश्चिम बंगाल में चलेगा।
ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में बीजेपी पूरे 58 साल बाद नगर निकाय चुनाव हारी है। इसके बाद से ही वे विरोधियों के निशाने पर हैं। विरोधियों के साथ-साथ पार्टी के कुछ लोग भी ज्योतिरादित्य पर सवाल उठा रहे हैं। नतीजे आने के बाद पश्चिम बंगाल के प्रभारी और बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने यह भी कहा था कि ग्वालियर की हार हमारे लिए अलार्मिंग है। उन्होंने कहा था कि पिछले दिनों एक ग्रुप के आने के बाद वहां हम मजबूत हुए थे फिर भी चुनाव हार गए हैं। कैलाश के इस हमले के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिम बंगाल में प्रवास मंत्री नियुक्त किया गया है।
जिस दमदम लोकसभा सीट की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है वहां बीजेपी पिछले चुनाव में हार गई थी। संगठन से यह जिम्मेदारी मिलने के बाद सिंधिया ने काम भी संभाल लिया है। उन्होंने कोलकाता पहुंचकर संगठन से जुड़े अलग-अलग लोगों से संवाद किया। इसके साथ ही दक्षिणेश्वर से बारानगर तक मेट्रो में बैठकर यात्रा भी की। कुछ यूथ ग्रुप के साथ भी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बात की। इसके बाद पश्चिम बंगाल सरकार पर उन्होंने जोरदार हमला किया।
स्कूल नौकरी घोटाले में बंगाल के उद्योग मंत्री पार्थ चटर्जी की गिरफ्तारी के बाद सिंधिया ने आरोप लगाया कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस यानि टीएमसी भ्रष्टों की सरकार चला रही है। राज्य में भ्रष्टाचार का स्तर अभूतपूर्व है। सिंधिया ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने कुशासन और भ्रष्टाचार की सभी हदें पार कर दी हैं।