MP News: मध्यप्रदेश भाजपा के दिग्गज नेता और डॉ. मोहन यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर संभाग क्रिकेट एसोसिएशन (IDCA) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है. यह जिम्मेदारी अब उनकी जगह, उनके बेटे पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय को मिली है.
यानी, आकाश विजयवर्गीय को इंदौर संभाग क्रिकेट एसोसिएशन का नया अध्यक्ष बनाया गया है. बता दें कि आकाश विजयवर्गीय को इंदौर संभाग क्रिकेट एसोसिएशन का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है. कैलाश विजयवर्गीय सात बार इंदौर संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं.
कल यानी शनिवार (13 जनवरी) को हुई इंदौर संभाग क्रिकेट एसोसिएशन की बैठक में कैलाश विजयवर्गीय ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने इस्तीफा देने के बाद एसोसिएशन के नए अध्यक्ष पद के लिए बेटे आकाश विजयवर्गीय के नाम का प्रस्ताव रखा. जिसके बाद सभी सदस्यों ने निर्विरोध आकाश विजयवर्गीय के नाम पर मुहर लगा दी.
दरअसल, हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने इंदौर-3 से विधायक रहें आकाश विजयवर्गीय का टिकट काट दिया था. टिकट कटने के पीछे की वजह पार्टी द्वारा इंदौर की 1 नंबर विधानसभा से कैलाश विजयवर्गीय को मैदान में उतारना बताया गया. हालांकि, अब कैलाश विजयवर्गीय के कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के बाद उनके बेटे को यह बड़ी जिम्मेदारी मिल गई है.