Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में रविवार यानी आज 14 जनवरी को मणिपुर से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू करने वाली है. जिसके जरिये उसका प्रयास बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को लोकसभा चुनाव में चर्चाओं के केंद्रबिंदु में लाना है.

यह न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर की राजधानी इंफाल के निकट थोबल से शुरू होगी और मार्च के तीसरे सप्ताह के अंत तक मुंबई में इसका समापन होगा. राहुल गांधी इस यात्रा के दौरान 6 हजार किलोमीटर का सफर तय करेंगे. यानी, कुल मिलाकर ये यात्रा पूरे दो महीने तक चलने वाली है.

लॉन्चिंग के बाद फिल्म पूरी तरह फ्लॉप हो जाती है- कैलाश विजयवर्गीय

आगामी लोकसभा चुनाव से पहले निकाली जा रही यह यात्रा 67 दिन में 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी. इस यात्रा को हम भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा पढ़ाव भी मान सकते हैं. हालांकि, इस यात्रा पर मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने तंज कसा हैं.

उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के ज़रिये कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कितनी बार लॉन्चिंग करेंगे? 20 साल से मैं देख रहा हूं जबसे राहुल गांधी राजनीति में आए हैं तब से उनकी लॉन्चिंग हो रही है. कभी प्रियंका तो कभी राहुल गांधी की लॉन्चिंग होती है लेकिन लॉन्चिंग के बाद फिल्म पूरी तरह फ्लॉप हो जाती है.