Ayodhya Ram Mandir: करीब 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार आज (22 जनवरी) अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा बड़े ही धूमधाम से हो गई हैं. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं. इस खास दिन के लिए राम मंदिर के साथ-साथ पूरी अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है. वहीं, रामलला के आगमन पर पूरे देश में दिवाली जैसा माहौल है.
कमलनाथ ने बीजेपी पर साधा निशाना-
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी राम मंदिर के लिए पूरे देशवासियों को बधाई दी है. हालांकि, उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए राम मंदिर के नाम पर राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया है. कमलनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (पूर्व-ट्विटर) पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, जब अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण प्रारंभ हुआ था, तब मैंने वीडियो संदेश के माध्यम से इसका स्वागत किया था और देशवासियों को इस बहुप्रतिक्षित कार्यक्रम की बधाई दी थी.
उन्होंने आगे तंज कसते हुए लिखा, अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का निर्माण सुप्रीम कोर्ट के आदेश से हो रहा है. चूँकि वर्तमान में केन्द्र व राज्य में बीजेपी की सरकार है, इसलिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन का दायित्व बीजेपी पर है. बीजेपी ने जिस तरह से इस कार्यक्रम को राजनीतिक स्वरूप दिया है और धर्म को राजनीतिक मंच पर लाने का प्रयास किया वह दुर्भाग्यपूर्ण है, दुखद है. भगवान राम हमेशा से हम सभी की आस्था का केंद्र रहे हैं, और हमेशा रहेंगे. इस पर राजनीति धार्मिक स्वतंत्रता और सनातनी परंपराओं के साथ खिलवाड़ है.
कमलनाथ ने आखिर में राम मंदिर को लेकर कहा, आज हम सबके अराध्य प्रभु राम की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर मैं पुनः देशवासियों को बधाई देता हूँ और प्रभु राम के चरणों में नमन करते हुये देशवासियों की समृद्धि और ख़ुशहाली की कामना करता हूँ. प्रभु राम सभी का कल्याण करें, सभी को निरोगी रखें, सभी की मनोकामना पूर्ण करें और देश में अमन-चैन और भाईचारे की रक्षा करें.
कल से होंगे रामलला के दर्शन-
बता दें कि प्रभु श्री राम के स्वागत के लिए अयोध्या को हजारों क्विंटल फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत संत समाज और अति विशिष्ट लोगों की उपस्थिति में रामलला के श्रीविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का ऐतिहासिक अनुष्ठान आज संपन्न हो गया है. अब कल यानी 23 जनवरी से राम मंदिर को आमजन के लिए खोल दिया जाएगा.