MP Election 2023: पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों सामने के बाद कांग्रेस पार्टी में हलचल तेज हो गई है. चार राज्य मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मिज़ोरम में सूपड़ा साफ़ होने के बाद हार के कारणों पता लगाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर मंथन में जुटी हुई हैं.
वहीं, मध्य प्रदेश में मिली करारी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से दिल्ली में मुलाकात की है. राजनीतिक गलियारों में इस मुलाक़ात के पीछे की वजह यह बताई जा रही हैं कि कमलनाथ अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे सकते है.
दरअसल, मध्य प्रदेश में 230 सीटों पर हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर जारी हुए. जिसमें सत्ताधारी दल बीजेपी ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ़ करते हुए 163 सीटों पर प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज की हैं. वहीं, कांग्रेस सिर्फ 66 सीटों पर ही सिमटकर रह गई.
एमपी में कांग्रेस की करारी हार के लिए कमलनाथ को ही जिम्मेदार बताया जा रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि उनके चेहरे और रणनीति पर कांग्रेस आलाकमान ने भरोषा जताते हुए चुनाव लड़ा था. यह प्रदेश में शायद पहली बार ही होगा जब कांग्रेस को इतनी बुरी हार का सामना करना पड़ा है.
न्यूज़ एजेंसी ANI के मुताबिक, मंगलवार देर रात मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात के बाद पार्टी आलाकमान ने कमलनाथ को निर्देश दिया कि कोई नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जायेगा. यानी, प्रदेश में किसी नए चेहरे की नियुक्ति तक कमलनाथ ही प्रदेश अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे.
वहीं, कांग्रेस नेतृत्व ने इंडिया गठबंधन के नेताओं पर मध्यप्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर उस समय सामने आई कमलनाथ की टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई है.