अभिनेता व निर्देशक ऋषभ शेट्टी और सप्तमी गौड़ा स्टारर 'कांतारा' ऐसी फिल्म साबित हुई है, जिसके लिए शायद किसी ने सोचा नहीं होगा कि ये फिल्म बड़ा धमाका करेगी, लेकिन सच है कि अगर फिल्म अच्छी है तो उसे सुपरहिट होने से कोई नहीं रोक सकता है।

कन्नड़ फिल्म कांतारा को एक ओर जहां क्रिटिक्स ने खूब पसंद किया तो दूसरी ओर फिल्म को दर्शकों ने प्यार दिया और बेहतरीन माउथ पब्लिसिटी के बाद फिल्म ताबड़तोड़ कलेक्शन कर रही है। करीब 15-20 करोड़ रुपये के बजट वाली फिल्म कांतारा के कलेक्शन पर मेकर्स को भी यकीन नहीं हो रहा है। बता दें कि कांतारा एक कन्नड़ फिल्म है, जिसका हिंदी डब वर्जन 14 अक्टूबर को रिलीज हुआ था।

फिल्म ने करीब 3 हफ्ते में सिर्फ हिंदी ऑडियंस से ही 50 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने वर्ल्डवाइड करीब 275 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। वैसे तो कई फिल्मों ने वर्ल्डवाइड इससे अधिक कलेक्शन किया है, लेकिन जो बात कांतारा को अलग बनाती है, वो है इसका बजट। कांतारा का बजट करीब 15 से 20 करोड़ रुपये है।