आयकर विभाग ने बेंगलुरु के जिस फ्लैट में छापेमारी की थी उसमें बिस्तर के नीचे करोड़ों की नकदी मिली है। आयकर अधिकारी मामले के सिलसिले में एक पूर्व महिला पार्षद और उसके पति से पूछताछ कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि विभाग को सूचना थी कि पांच राज्यों, खासकर राजस्थान में विधानसभा चुनावों के लिए फडिंग के लिए बेंगलुरु में सोने के आभूषण विक्रेताओं और अन्य स्रोतों से बड़ी मात्रा में धन इकट्ठा किया जा रहा है। 

इसके बाद आयकर विभाग शहर में छापेमारी कर रहा है। इसी सिलसिले में बेंगलुरू केआरटी नगर के पास आत्मानंदा कॉलोनी स्थित एक फ्लैट में छापेमारी के दौरान 42 करोड़ रुपये की नकदी मिली। सूत्रों ने बताया कि बिस्तर के नीचे 23 बक्सों में 42 करोड़ रुपये मूल्य के 500 रुपये के नोट रखे हुए थे। फ्लैट खाली था और वहां कोई नहीं रहता था, हालांकि, आईटी अधिकारी फ्लैट मालिक के विवरण के बारे में चुप्पी साधे हुए हैं। 

विभाग ने अभी तक आधिकारिक तौर पर बयान जारी नहीं किया है। मगर यह सामने आ रहा है कि कॉलोनी में बीबीएमपी की पूर्व पार्षद अश्वथम्मा और उनके पति आर अंबिकापति के फ्लैट से 40 करोड़ रुपये से अधिक का कैश मिला है। अंबिकापति दो बीबीएमपी सिविल ठेकेदार संघों में से एक के अध्यक्ष हैं और डी कैम्पन्ना की अध्यक्षता वाले कर्नाटक राज्य ठेकेदार संघ के उपाध्यक्ष हैं। अंबिकापति ने ही आरोप लगाया था कि पिछली सरकार (बीजेपी) सभी परियोजनाओं पर 40 प्रतिशत कमीशन ले रही थी।