मेगाबजट और बहुचर्चित फ़िल्म पोन्नियन सेलवन आज रिलीज़ हो गई है। मणिरत्नम ने की मोस्ट अवेटेड फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 50 करोड़ रुपए का रेवेन्यू जुटाने की उम्मीद की जा रही है। फ़िल्म तो रिलीज़ हो गई लेकिन क्या आप जानते हैं कि पोन्नियन सेलवन का अर्थ क्या होता है। पोन्नियिन सेलवन मूलत: कल्कि कृष्णमूर्ति का एक ऐतिहासिक उपन्यास है, जो तमिल में लिखा गया है। पोन्नियन सेलवन का अर्थ होता पोन्नि यानि कि कावेरी का पुत्र। कावेरी नदी को दक्षिण भारत की गंगा कहा जाता है।

पोन्नियिन सेलवन कल्कि कृष्णमूर्ति के उसी नाम के उपन्यास पर आधारित है, जो पहली बार 1955 में प्रकाशित हुआ था। पुस्तक को एक फिल्म में बदलने के बारे में बात करते हुए, मणिरत्नम ने कहा था, “मुझे लगता है कि जब आपको इसे एक स्क्रिप्ट में बदलना होता है, तो एक रूल का पालन करना होता और कहानी के साथ जाना होता है। मणिरत्नम ने आगे कहा मेरे लेखक ने मुझे सबसे अच्छी लाइन बताई जो मैंने फिल्म से पहले सुनी थी। उसने कहा, 'एक बार किताब पढ़ो, फेंक दो और फिर लिखो।'"

मणिरत्नम की मशहूर फिल्म में विक्रम, ऐश्वर्या राय बच्चन, जयम रवि, कार्थी, त्रिशा, ऐश्वर्या लक्ष्मी, शोभिता धूलिपाला, प्रभु, आर सरथकुमार और विक्रम प्रभु मुख्य भूमिका में हैं। PS-1 2019 से निर्माण में है। हाल ही में एक साक्षात्कार में, जयम रवि ने खुलासा किया कि फिल्म के दोनों हिस्सों को 150 दिनों में शूट किया गया था।

पोन्नियन सेलवन चोल राजवंश पर आधारित है। फिल्म की कहानी चोल सम्राट राजाराज प्रथम पर केंद्रित है। चोल राजवंश ने करीब 1500 वर्षों तक दक्षिण भारत में राज किया था। इतिहासकारों के मुताबिक नौवीं से लेकर तेरहवीं शताब्दी के बीच 400 साल दक्षिण भारत के साथ ही श्रीलंका, मालदीव, जावा, इंडोनेशिया, थाईलैंड और सुमात्रा जैसे कई देशों पर अपना शासन किया। चोल राजवंश की सबसे बड़ी ताकत उनकी नौसेना थी जिसे उस समय दुनिया की सबसे बड़ी नौसेना माना जाता था।