राज्य सरकार ने आज लाड़लियों पर नेह बरसाते हुए कई सौगातों की झड़ी लगा दी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उच्च शिक्षा के लिए बालिकाओं को राशि का वितरण कर रहे हैं। वहीं उन्होंने आज सुबह राजधानी के टीटी नगर में लाडली लक्ष्मी वाटिका और लाडली लक्ष्मी पथ का लोकार्पण किया।
इससे पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट सिटी पार्क में कुछ बालिकाओं को साथ पौधारोपण किया। यहां सभी में सीएम के साथ सेल्फी खिंचवाने की होड़ रही। शिवराज ने फूल बरसाकर कार्यक्रम में लड़कियों का स्वागत किया। दरअसल, प्रदेश में लाडली लक्ष्मी वाटिका
थीम बेस्ड वाटिका के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस वाटिका का उपयोग लाडली बालिकाओं के जन्मोत्सव एवं उनसे संबंधित सभी कार्यक्रमों में भी किया जा सकेगा।
इसके बाद सीएम ने लिंक रोड नंबर 2 पर लाडली लक्ष्मी पथ के रूप में भारत माता चौराहे पर मार्ग का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सभी पंचायत और आंगनबाड़ी केंद्र कार्यक्रम से जुड़े । प्रदेश के सभी जिलों में एक मार्ग को लाड़ली लक्ष्मी का नाम दिया गया है।
राजधानी में भारत माता चौराहे से नूतन कॉलेज तक का मार्ग अ लाड़ली लक्ष्मी मार्ग के नाम से जाना जाएगा। आज अपराह्न 3 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम लाडली लक्ष्मी योजना 2.0 के तहत लगभग 1437 बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि की पहली किश्त 12 हजार 500 रुपये का वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी उत्सव के दौरान उच्च शिक्षा के लिए दो किश्तों में 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने घोषणा की थी।
एक सप्ताह तक मनेगा स्थापना दिवस
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के तहत एक सप्ताह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें तीन नवंबर को स्वच्छता, सजावट, रंगोली केंद्रित गतिविधियां, ऐतिहासिक स्मारकों, महापुरुषों की प्रतिमाओं, प्रमुख बाजारों की साफ सफाई आदि की गतिविधियों के साथ महत्वपूर्ण स्थानों पर 67 दीपों का प्रज्जवलन होगा। जिला पंचायत सीईओ ऋतुराज सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों में भी मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर स्कूलों, ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न खेलकूद, कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।