प्रदेश के होनहार विद्यार्थियों को आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लैपटॉप की राशि वितरित की। लाल परेड ग्राउंड पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के कुल 91 हजार 493 विद्यार्थियों खाते में यह राशि ट्रांसफर की गई। कुछ चयनित विद्यार्थियों प्रतीक स्वरूप चेक भी दिये। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री इन्दर सिंह परमार और जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह भी मौजूद थीं।
इस मौके पर सीएम शिवराज ने कहा कि मेरे बच्चों, यह जीवन अमूल्य है, इसको व्यर्थ मत करना। पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार भी आवश्यक हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि अपने जन्मदिन पर पौधे लगाना और नशे के जाल में कभी मत फंसना, यही तुमसे वचन मांगता हूं। मुख्यमंत्री शिवराज ने बताया कि सभी उत्कृष्ट विद्यालयों, मॉडल विद्यालयों में एवं सीएम राइज विद्यालयों में विद्यार्थियों के कैरियर की दिशा निर्धारित करने के लिए कैरियर काउंसलिंग सेल की स्थापना की जा रही है।
राज्य सरकार ने प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रदेश के ऐसे छात्र व छात्राओं को यह राशि दी है जिन्होंने 12वीं कक्षा में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। उल्लेखनीय है कि पहले इस समारोह का आयोजन 3 अक्टूबर को किया जाना था, लेकिन बाद में तारीख में बदलाव करते हुए इसे 30 सितंबर कर दिया। बताया जा रहा है कि तारीख में यह बदलाव 3 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी का पर्व होने के कारण किया गया है।
मैधावी लैपटॉप योजना का 6वां साल
2016 में शिवराज सरकार ने प्रदेश में मेधावी लैपटॉप योजना शुरू की थी। इस योजना के तहत मेधावी छात्रों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपए दिए जाते हैं। बता दें कि 2016 व 2017 में 85 फीसदी अंक वाले छात्रों को यह राशि दी गई, लेकिन 2018 से अंकों को कम कर 75 फीसदी अंक कर दिया गया।