मुस्लिम लड़के के साथ बुर्के में ब्राह्मण लड़की को देख वकील बने गए अपराधी, कोर्ट परिसर में गुंडागर्दी


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

Rewa News: रीवा में एक लड़का और लड़की शुक्रवार को शादी करने के लिए कोर्ट पहुंचे। लड़की अपने प्रेमी के साथ बुर्का पहनकर अदालत पहुंची। इस दौरान वकीलों ने प्रेमी युगल की जमकर पिटाई कर दी..!!

Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा जिला न्यायालय में शुक्रवार 21 फरवरी को अफरा-तफरी मच गई जब एक प्रेमी युगल अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन कराने कोर्ट पहुंचा। इस दौरान कोर्ट में मौजूद वकीलों ने कपल की पिटाई कर दी। 

हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा और लड़के-लड़की को वकीलों से बचाकर सुरक्षित पुलिस थाने ले जाया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से भी वकीलों की झड़प हुई।

दरअसल, रीवा में एक लड़का-लड़की कोर्ट परिसर में शादी करने पहुंचे। लड़की अपने प्रेमी के साथ बुर्का पहनकर अदालत पहुंची। इस दौरान वह वकील से शादी की प्रक्रिया समझ रही थी। जब दूसरे वकीलों ने लड़के से पूछताछ शुरू की तो लड़के ने अपना मुस्लिम नाम और लड़की ने अपना हिंदू नाम बताया। इसके बाद जब वकीलों ने लड़की की जाति पूछी तो लड़की ने बताया कि वह ब्राह्मण है। इसके बाद वकीलों ने लड़के की जमकर पिटाई कर दी।

मामला इतना बढ़ गया कि वकीलों ने बीच-बचाव करने आई लड़की और अन्य लोगों की पिटाई कर दी। वकीलों ने पुलिस पर भी हमला किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लड़के और लड़की को वकीलों की भीड़ से बचाया, लड़की को जीप में बिठाकर थाने ले गई और लड़के को स्कूटर पर बैठाकर ले गई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

मामले को लेकर हिंदू संगठनों का आरोप है कि लड़के ने लव जिहाद की आड़ में लड़की को अपने प्रेम जाल में फंसाया है। दोनों के बीच करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध थे। लड़की 6 महीने की गर्भवती है। संघ कार्यकर्ताओं ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।