मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर बेंच में शुक्रवार को वकीलों द्वारा हंगामा और आगजनी की गई। वकीलों ने अपने साथी वकील की आत्महत्या से नाराज होकर की यह तोड़फोड़ की। कुछ मीडियाकर्मियों से भी वकीलों द्वारा मारपीट की खबर है। मामला रेप से जुड़े मामले में सुनवाई के बाद युवा वकील की आत्महत्या से जुड़ा है।
बताया जा रहा है कि जबलपुर में वकीलों ने हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस के चेम्बर के सामने भी हंगामा किया और स्टेट बार काउंसिल के दफ्तर के बाहर आगजनी भी की गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ रेप के मामले में आरोपी टीआई संदीप अयाची की जमानत पर बहस के बाद पीड़ित पक्ष के वकील अनुराग साहू ने अपने घर जाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद हाईकोर्ट में हंगामा शुरू हो गया। सैकड़ों वकीलों ने अनुराग साहू का शव हाईकोर्ट में रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।