लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार 9 जनवरी को भोपाल पहुंचे। भोपाल पहुंचने पर मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने लोकसभा अध्यक्ष की अगवानी की। ओम बिरला नवनिर्वाचित विधायकों को संसदीय प्रक्रिया एवं कार्य संचालन के नियमों तथा परंपराओं की जानकारी एवं प्रशिक्षण देंगे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सबसे पहले मध्यप्रदेश विधानसभा पहुंचे। इसके बाद अध्यक्ष ओम बिरला के साथ सभी विधायकों की ग्रुप फोटो हुई। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
ओम बिरला का भोपाल में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, राज्य मंत्री कृष्णा गौर, रामेश्वर शर्मा, भोपाल महापौर मालती राय ने स्वागत किया। इस मौके पर प्रमुख सचिव विधानसभा सहित भारतीय जनता पार्टी के ज़िला अध्यक्ष तथा प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
मध्यप्रदेश विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों को संसदीय प्रक्रिया एवं कार्य संचालन के नियमों तथा परंपराओं की जानकारी एवं प्रशिक्षण देने के लिए दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है।
कार्यशाला में हिस्सा लेने के लिए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी विधानसभा पहुंच चुके हैं। उमंग सिंघार ने कहा आज विधायकों की कार्यशाला है किस तरह से काम किया जाता है इन सारी चीजों को लेकर आज विधानसभा में कार्यशाला रखी गई है।