कीचड़ में खिला कमल, विपक्ष को सबक सीखने की जरूरत, आप-दा से मुक्त हुआ दिल्ली...CM मोहन यादव


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

इंदौर रवाना होने से पहले उन्होंने दिल्ली में भाजपा की जीत पर खुशी जताई और पार्टी नेताओं को मिठाई खिलाई..!

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गंगा स्नान करने और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने के लिए प्रयागराज महाकुंभ की यात्रा पर हैं। जाने से पहले उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा और दिल्ली चुनाव में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताया।

इंदौर रवाना होने से पहले उन्होंने दिल्ली में भाजपा की जीत पर खुशी जताई और पार्टी नेताओं को मिठाई खिलाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जनता से जुड़ाव, भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और देश के बदलते मूड के कारण पार्टी लगातार जीत रही है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि मुझे इस बात की प्रसन्न्ता है, कि चुनाव के पहले जहां-जहां मैं गया वहां बीजेपी को जीत मिली है।

सीएम मोहन यादव ने विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि टुकड़े-टुकड़े गैंग वर्षों से अपनी ओछी मानसिकता से देश व प्रदेश को गुमराह करता रहा है, लेकिन जनता अब सच्चाई जान चुकी है। विपक्षी दलों को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि उन्होंने हमेशा जनता को भ्रमित करने की कोशिश की है। भाजपा आगामी हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली के साथ-साथ केंद्र में भी चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि एक समय था जब समाज को बांटने के लिए अलग-अलग विचारधाराएं फैलाई जाती थीं, लेकिन अब सच्चाई जनता के सामने है।

आम आदमी पार्टी, पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि  अब उन्हें आत्मचिंतन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जनता उनकी असलियत पहचान चुकी है और भाजपा का विजय अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कीचड़ में कमल खिल रहा है और यह भाजपा की मजबूत पकड़ और जनता के समर्थन का प्रमाण है।