‘महाकाल लोक’ के बनने के बाद ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर अब एक नए रूप में दिखाई देगा। पीएम मोदी शाम 6.30 बजे 200 संतों और 60 हजार लोगों की मौजूदगी में महाकाल लोक का उद्घाटन करेंगे। आयोजन के लिए महाकाल मंदिर समेत पूरे परिसर को स्थानीय और विदेशी फूलों से सजाया गया है।
इसके लिए बेंगलुरु और पुणे समेत सात शहरों से फूल मंगवाए गए हैं।
856 करोड़ की लागत से बन रहे महाकाल लोक के पहले चरण का काम पूरा कर लिया गया है। इस परियोजना को दो चरणों में विकसित किया जा रहा है। इसके बाद 2.8 हेक्टेयर में फैला महाकाल परिसर 47 हेक्टेयर का हो जाएगा। इसमें 946 मीटर लंबा कॉरिडोर बनाया गया है जिससे होते हुए श्रद्धालु महाकाल मंदिर के गर्भगृह तक पहुंच सकेंगे।
खास बात यह है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बावजूद श्रद्धालु आम दिनों की तरह बाबा महाकाल के दर्शन कर सकेंगे। महाकाल मंदिर के प्रशासक ने बताया कि पीएम के दौरे के बाद गणेश मंडप एक घंटे के लिए बंद रहेगा। इस बीच भक्त कार्तिकेय मंडपम से दर्शन कर सकते हैं।