महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में छत्रपति शिवाजी के खिलाफ़ विवादित टिप्पणी को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। पूरे मुंबई में शिंदे सरकार और राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के खिलाफ़ विरोध मार्च निकाला जा रहा है। विरोध के लिए निकाले जा रहे मार्च में पूर्व CM उद्धव ठाकरे, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले, NCP नेता अजीत पवार भी शामिल हुए।
गौरतलब है, कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के हाल ही में छत्रपति शिवाजी महाराज पर दिए गए बयान पर सियासी बवाल मच गया है। शिवसेना के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने उनकी टिप्पणी पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान करने वाला व्यक्ति अभी भी राजभवन में बैठा है।
दरअसल, बीते शनिवार को औरंगाबाद में आयोजित एक दीक्षांत समारोह के मौके पर राज्यपाल ने कहा, 'जब हम छोटे थे तो अक्सर स्कूल में हमसे पूछा जाता था कि आपका आदर्श कौन है? हमारा जवाब जवाहरलाल नेहरू, सुभाष चंद्र बोस और महात्मा गांधी थे।
आपको महाराष्ट्र में कहीं और देखने की जरूरत नहीं है... छत्रपति शिवाजी महाराज बीते जमाने की बात हो गई, आज के दौर में बाबा साहेब अंबेडकर, नितिन गडकरी, कई महान हस्तियां हमारे सामने मौजूद हैं। राज्यपाल के इसी बयान को लेकर मुंबई में उनके ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।