Mahashivratri 2025: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव उज्जैन में भगवान महाकाल के दरबार पहुंचे। महाशिवरात्रि पर उन्होंने बाबा महाकालेश्वर की पूचा अर्चना की। इस दौरान सीएम मोहन भक्ति में लीन दिखाई दिए। वहीं उन्होंने बाबा महाकाल के प्रदेश समेत देश की सुख समृद्धि की कामना की है।
बुधवार को देशभर में महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जा रहा है। सुबह से ही शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। शिवरात्रि के अवसर पर मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक महाकालेश्वर मंदिर में भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी महाकाल की शरण में पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान महाकालेश्वर की पूजा-अर्चना की। इस दौरान वह भक्ति में लीन नजर आए।
महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। मंदिर समिति के अनुसार भगवान महाकाल के दर्शन के लिए श्रद्धालु करीब दो किलोमीटर पैदल चलेंगे। इससे पहले भगवान महाकाल के पट 25-26 फरवरी की रात 2:30 बजे खोले गए थे। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर के पट दिन-रात खुले रहेंगे।
इस अवधि के दौरान मंदिर बंद नहीं रहेगा। मध्य रात्रि 12 बजे से चार घंटे की पूजा होगी। यह 27 फरवरी की सुबह तक जारी रहेगा। इस दौरान सुबह 4 बजे होने वाली भस्म आरती नहीं होगी। वहीं खंडवा के ओंकारेश्वर, जबलपुर के गुप्तेश्वर, भोपाल के गुफा मंदिर, बड़वाल और भोजपुर के महादेव में भी भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए भक्त पहुंच रहे हैं।