भोपाल: राज्य के जल संसाधन विभाग की साधिकार समिति ने सतना जिले की न्यू रामनगर तहसील में आने वाले मैहर नगर परिषद को एशियन डेवपलमेंट बैंक से वित्तीय सहायता प्राप्त पेयजल प्रदाय योजना अंतर्गत बाणसागर बांध स्थित बरौधा घाट से 7.30 मिलियन घनमीटर वार्षिक पानी आवंटित किया है।

मैहर नगर परिषद के प्राधिकृत अधिकारी को अब एक माह के अंदर सभी निर्धारित जल करों का भुगतान कर कार्यपालन यंत्री जल संसाधन सतना के साथ अनुबंध करना होगा। इस जल के आवंटन के लिये शर्त रखी गई है कि नगर परिषद मैहर को बाधसागर बांध से जल लेने हेतु स्वयं के व्यय पर जलाशय में इन्टेक वेल बनाना होगा।

इन्हें भी मिला पानी :

साधिकार समिति ने होशंगाबाद (नर्मदानगर) के केसला विकासखण्ड के ग्राम रानीपुर (तवानगर) की तीनों बसाहटों रानीपुर, तवानगर व घोघरा नाला के ग्रामवासियों की नलजल योजना के लिये तवा बांध लेफ्ट बैंक केनाल से 0.30 मिलियन घन मीटर, कारपोरेट सोशन रिस्पांसिबिलिटी के अंतर्गत इंदौर जिले में विकासखण्ड सांवेर की ग्राम पंचायत मांगलिक सडक़ को पेयजल हेतु ग्राम पीर कराडिया के समीप क्षिप्रा नदी से 0.803 मिघमी, डीसीआर डिस्टीलरी प्रालि सागर को आसवनी संयंत्र के संचालन हेतु ग्राम मैहर के समीप धसान नदी से 0.093 मिघमी, मेसर्स कृपा बायोटेक एलएलपी व्यवसायिक प्रतिष्ठान के ग्राम चंगेरी तहसील मल्हारगढ़ जिला मंदसौर में स्थापित ग्रेन पर आधारित इथेनॉल प्रोडक्शन प्लांट के लिये रेतम बैराज से 0.15 मिघमी, नगर परिषद रानापुर जिला झाबुआ को रानापुर निकाया क्षेत्र की अमृत 2.0 योजना अंतर्गत जल प्रदाय योजना के लिये मोदसागर तालाब से एक मिघमी तथा नगर परिषद राजगढ़ जिला धार को राजगढ़ नगर की पेयजल योजना हेतु माही नदी मैनडेम के बैक वाटर से 1.13 मिघमी सालाना पानी आवंटित किया है। इस साल अच्छी वर्षा होने से प्रदेश के सभी बांध एवं नदियां लबालब होने से यह जल आवंटन किया गया है।