भोपाल: राज्य सरकार ने सतना वनमंडल का पुनर्गठन कर नवगठित जिले मैहर 608.48 वर्ग किलोमीटर के नये वनमंडल को स्वीकृति प्रदान की है। इसके प्रशासकीय नियंत्रण में महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव सफेद बाघ सफारी एवं चिडिय़ाघर मुकुन्दपुर भी रहेगा।
नवगठित मैहर वनमंडल में तीन रेंज मैहर और उसकी उप रेंज अमदरा, भदनपुर, मैहर, रेंज अमरपाटन और उसकी उप रेंज अमरपाटन, गौरसरी, रामगढ़ एवं रेंज मुकुन्दपुर और उसकी उप रेंज मुकुन्दपुर, जिगना, रामगढ़ शामिल रहेंगी तथा इन तीनों रेंजों में 48 बीट आयेंगी।
उल्लेखनीय है कि नवगठित मैहर जिला 5 सितम्बर 2023 को बना है तथा इसका कुल भौगोलिक क्षेत्रफल 2 हजार 722.79 वर्ग किमी है जिसमें वन क्षेत्र 22.34 प्रतिशत है। पुनर्गठन से अब सतना वनमंडल का कुल क्षेत्रफल 1 हजार 658.34 वर्ग किमी का होगा जिसमें दो उपवनमंडल सतना एवं चित्रकूट रहेंगे जिसमें सात रेंज यथा सतना, सिंहपुर, उचेहरा, नागौद, चित्रकूट, बरौंधा एवं मझगवां होंगी। मैहर वनमंडल के लिये 185 पदों की जरुरत होगी जिनमें से 160 पद सतना वनमंडल से अंतरित होंगे एवं 24 नये पद स्वीकृत किये जायेंगे, जिस पर वेतन एवं भत्तों पर प्रतिवर्ष 97 लाख 30 हजार रुपये व्यय भार आयेगा। मैहर वनमंडल में कार्यालय एवं आवास बनाने पर 6 करोड़ 15 लाख रुपयों का व्यय भार भी आयेगा।