उत्तराखंड के नैनीताल में शुक्रवार 17 नवंबर सुबह बड़ा हादसा हो गया। नैनीताल के ओखल कांडा गांव के पास एक जीप 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जीप में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। जिसके चलते ड्राइवर ने जीप से नियंत्रण खो दिया और जीप गहरी खाई में जा गिरी।

फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और शवों को बरामद करने की कोशिश की जा रही है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि हादसे के समय जीप में कितने लोग सवार थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें इलाज के लिए आगे भेजा जा रहा है। घटना सुबह आठ बजे की बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बरामद शवों में तीन महिलाएं, एक बच्चा और तीन पुरुष शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यहां सड़क खराब है, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।

इससे पहले बीते सोमवार को नैनीताल में एक कार खाई में गिरने से हादसा हो गया था।  उत्तराखंड के नैनीताल जिले में जौरासी के पास कार खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य घायल हो गए थे।