चार वर्ष पहले के विस चुनाव का सबक भाजपा को अब तक याद है। लिहाजा मालवा में भाजपा की पकड़ को मजबूत बनाने के लिए कल से तमाम बड़े नेता तीन दिनी प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के बहाने चिंतन को बैठ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि खासतौर पर निमाड़ क्षेत्र में, पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को सीटें गंवाना पड़ी थी। इस कारण भाजपा को सत्ता से भी दूर रहना पड़ा। इसकी वजह यह है कि मालवा-निमाड़ में कुल 66 सीट है। यह एक बड़ी संख्या है, जो सत्ता में उलटफेर के लिए काफी महत्वपूर्ण रहती है।

राजनीतिक जानकारों ने पिछले विधानसभा चुनाव में मालवा-निमाड़ करने के कारण ही भाजपा की हार का प्रमुख कारण माना था। इस कारण मालवा-निमाड़ पर सत्ता में वापसी के बाद से भाजपा ने फोकस किया है। खासतौर पर निमाड़ के आदिवासी बाहुल्य जिलों में संगठन और सत्ता सीधे तौर पर ग्राउंड जीरो पर रणनीति बनाकर काम कर रही है। इन जिलों में कांग्रेस के साथ-साथ आदिवासी संगठन भी भाजपा के लिए चुनौती पेश करते आए है।

यही कारण है कि कांग्रेस को निमाड़ में फायदा मिलता आया है। पंचायत चुनाव में भी यह समीकरण देखने को मिले थे। मगर जयस के गढ़ मनावर-धार में भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए जिला पंचायत, जनपद पंचायत और पंचायतों में अपने समर्थित सदस्यों की जीत सुनिश्चित की। 

15 सत्रों में होगा प्रशिक्षण

यह प्रशिक्षण 15 सत्रों में पूरा होगा। हर दिन पांच सत्र होना है। प्रशिक्षण वर्ग मांडू के जहाज महल होटल परिसर में होगा। इसके अलावा नेताओं के ठहरने के लिए पांच स्थानों पर व्यवस्था की गई है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने बताया मांडू के तीन दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग में मार्गदर्शन देने वाले प्रमुख वरिष्ठ नेताओं के संभावित नामों में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, विचारक महेश शर्मा, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के भाजपा नेता मार्गदर्शन दे सकते है। 

250 नेता लेंगे भाग

तीन दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश भर से 250 के लगभग प्रमुख नेता भाग लेंगे। इन सभी वरिष्ठ नेताओं को मांडू के पांच स्थानों पर आवासीय व्यवस्था की है। तीन दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग में 15 अलग-अलग विषयों पर प्रमुख अतिथि मार्गदर्शन देंगे।