जबलपुर: शहर के न्यू लाइफ मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में अचानक से आग लग गई। आग लगने से अस्पताल में अफरातफरी का माहौल है। सूत्रों के अनुसार, हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है, वहीं कई लोग अब भी हॉस्पिटल के अंदर फंसे हुए है। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है।
कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। अब मरीजों को बाहर निकाला जा रहा है। अस्पताल में कितने मरीज भर्ती थे इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। इस अस्पताल में करीब 100 लोगों का स्टाफ मौजूद था। जानकारी के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। करीब 8 लोग इस हादसे में घायल भी हुए है, उनका इलाज जारी हैं। मीडिया सूत्रों के अनुसार, फ़िलहाल राहत कार्य जारी है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
#BREAKING - Eight patients die, two injured after a major fire at a private hospital in #Jabalpur, Madhya Pradesh
— News18.com (@news18dotcom) August 1, 2022
More details awaited.
📹 @ManojSharmaBpl pic.twitter.com/sB3TH4Bwjl
सीएम ने कहा- इलाज का खर्च सरकार उठाएगी
इस घटना पर सीएम शिवराज बोले, जबलपुर के एक अस्पताल में भीषण अग्नि दुर्घटना का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। स्थानीय प्रशासन और कलेक्टर से निरंतर संपर्क में हूं। मुख्य सचिव को संपूर्ण मामले पर नजर बनाये रखने के लिए निर्देश दिया है। राहत एवं बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। आग से हुई दुर्घटना में अमूल्य जिंदगियों के असमय निधन के समाचार से हृदय दु:ख से भरा हुआ है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
सीएम शिवराज ने आगे कहा कि दु:ख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवार स्वयं को अकेला न समझें, मैं और संपूर्ण मध्यप्रदेश परिवार के साथ है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जायेगी। घायलों के संपूर्ण इलाज का व्यय भी सरकार वहन करेगी।