अखिल भारत हिंदू महासभा ने बड़ा दावा किया है। महासभा ने कहा कि वह मेरठ नगर निगम का चुनाव लड़ेगी और अगर उसके उम्मीदवार बहुमत में आए और पार्टी का महापौर बना तो मेरठ का नाम बदलकर नाथूराम गोडसे नगर किया जाएगा।

हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित अशोक शर्मा ने कहा कि इस साल के अंत में होने वाले निकाय चुनाव में पार्षद और महापौर पद के लिए उम्मीदवार उतारे जाएंगे और अगर हिंदू महासभा मेरठ में महापौर का पद जीतती है और पर्याप्त संख्या में उसके पार्षद आते हैं तो मेरठ का नाम बदलकर नाथूराम गोडसे नगर कर दिया जाएगा।

हिंदू महासभा ने भाजपा और शिवसेना को भी निशाने पर लिया। महासभा के नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पहले खुद को हिंदू पार्टी कहती थी, लेकिन आज उस पर दूसरे समुदायों के लोगों का भी दबदबा बढ़ता जा रहा है, उसी तरह शिवसेना भी मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करने की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पूरे भारत में एकमात्र संगठन जो अपनी स्थापना से लेकर आज तक केवल और केवल हिंदू अस्तित्व के लिए जीया है, वह हिंदू महासभा है।

सोशल मीडिया पर हिन्दू महासभा के ऐलान पर प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। निगार परवीन ने लिखा कि सब तो सब कुछ खुलेआम हो रहा है, अब बेशर्मी का पर्दा भी हट चुका है। खुलेआम हत्यारे का महिमामंडन किया जा रहा है।