बॉलीवुड क्वीन कंगना रनौत इन दिनों अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'इमरजेंसी' को लेकर चर्चा में हैं। कंगना की फ़िल्म इमरजेंसी में मिलिंद सोमन फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के किरदार में दिखाई देंगे। गुरुवार को कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर मिलिंद सोमन का फर्स्ट लुक रिलीज़ किया है।
पंजाब के अमृतसर में 3 अप्रैल, 1914 को जन्में सैम भारतीय सेना का एक अहम हिस्सा थे और उनकी ख्याति भारत के साथ-साथ पड़ोसी देश पाकिस्तान तक फैली थी। फिटनेस फ्रीक अभिनेता मिलिंद सोमन के लुक की बात करें तो वह फील्ड मार्शल सैम के रूप में काफी जंच रहे हैं। बदन पर भारतीय सेना की वर्दी, सिर पर टोपी और बड़ी-बड़ी मूछों के साथ मिलिंद का लुक काफी इंटेस नज़र आ रहा है। फ़िल्म में मिलिंद का किरदार बेहद ही दमदार होने वाला है।
कंगना रनौत ने मिलिंद सोमन के फर्स्ट लुक का पोस्टर रिलीज़ करते हुए लिखा है, 'मैं आपके सामने मिलिंद सोमन को सैम मानेकशॉ के किरदार में पेश करती हूं। भारत-पाक युद्ध के दौरान भारत की सीमाओं को बचाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सैम, जिनकी सेवा उनकी ईमानदारी के रूप में प्रतिष्ठित थी। आपातकाल में आकर्षक युद्ध नायक और एक दूरदर्शी नेता।'
फिल्म में कंगना तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के किरदार में नजर आने वाली हैं। इसके साथ ही फिल्म में बॉलीवुड के कईं और दिग्गज कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। पिछले दिनों फिल्म से महिमा चौधरी का लुक सामने आया था।
महिमा चौधरी 'इमरजेंसी' में गांधी-नेहरू परिवार की करीबी और भारतीय सांस्कृतिक कार्यकर्ता और लेखिका पुपुल जयकर की भूमिका में दिखाई देंगी। इसके साथ ही श्रेयस तलपड़े भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और अनुपम खेर जय प्रकाश नारायण के दमदार रोल निभाते दिखाई देंगे। कंगना की इस फिल्म की शूटिंग पूरे जोरों पर चल है,यह फ़िल्म अगले साल 25 जून, 2023 को बड़े पर्दे पर आएगी।