भोपाल: राज्य की एक महिला खनिज अधिकारी को मेडिकल लीव के मामले में जीएडी के परामर्श से राहत मिली है। दरअसल खनिज उप संचालक दीपमाला तिवारी को जिला सतना से जिला भिण्ड तबादला कर उन्हें 1 अक्टूबर 2020 को रिलीव किया गया था। स्वास्थ्य खराब रहने पर डाक्टर की रिपोर्ट पर वे 187 दिन यानि 1 अक्टूबर 2020 से 5 अप्रैल 2021 तक अवकाश रहीं।

इसी बीच उनका 23 मार्च 2021 को उनका तबादला आदेश संशोधित कर उन्हें भिण्ड के स्थान पर सीधी जिले में पदस्थ कर दिया गया। 6 अप्रैल 2021 को उन्होंने सीधी में कार्यभार भी ग्रहण कर लिया।

दीपमाला तिवारी ने चिकित्सकीय आधार पर अनुरोध किया कि उनके 187 दिनों के अवकाश पर रहने पर 92 अवकाश चिकित्सा आधार पर तथा 95 अवकाश अर्जित अवकाश के रुप में मंजूर किया जाये।

खनिज विभाग ने नियमानुसार, जीएडी से अभिमत मांगा तथा जीएडी ने अभिमत दिया कि दीपमाला स्वास्थ्य खराब रहने से 187 दिन अवकाश पर रही हैं, जिसमें उनकी कोई बदनीयती नहीं है और इसलिये उनका अवकाश स्वीकृत किया जाना न्यायोचित होगा। इस अभिमत के बाद अब खनिज विभाग ने उनका 187 दिनों का अवकाश स्वीकृत कर लिया है।