FIFA वर्ल्ड कप और पठान मूवी का बेशर्म गाना इस समय ख़ूब चर्चाओं में हैं। स्पोर्ट्स और बॉलीवुड की इन दो सुर्ख़ियों में एक बात कॉमन है वो है एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण। दीपिका जहाँ बेशर्म गाने से देश में विवादों में है वहीं वर्ल्ड कप की ट्रॉफी का अनावरण कर दुनिया भर में सुर्ख़ियों में आ गई हैं। 

अब वर्ल्ड कप फाइनल के साथ ही सोशल मीडिया की सुर्ख़ियों में मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी आ गए हैं। FIFA वर्ल्ड कप में जीत के साथ ही सोशल मीडिया यूजर्स एक तस्वीर के ज़रिये नरोत्तम मिश्रा पर तीखा हमला बोल रहे हैं। दरअसल, पठान मूवी का गाना विवादों में आते ही सबसे पहले नरोत्तम मिश्रा ने शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण पर निशाना साधा था। 

उसके बाद कई कट्टरपंथी संगठनो ने गानें पर आपत्ति जताई और अब इस गाने को बैन करने की मांग तेज हो गई है। इन सबके बीच FIFA वर्ल्ड कप के ग्राउंड से दीपिका पादुकोण की वायरल तस्वीर के बाद सोशल मीडिया पर यह लिखा जा रहा है कि दुनिया भारत को दीपिका पादुकोण और शाहरुख खान के जरिए जानती है, नरोत्तम मिश्रा से नहीं।

गौरतलब है कि बेशर्म गाने पर आपत्ति जताते हुए नर्रोतम मिश्रा ने कहा था कि फिल्म पठान के गाने में टुकड़े-टुकड़े गैंग की समर्थक अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की वेशभूषा बेहद आपत्तिजनक है और गाना दूषित मानसिकता के साथ फिल्माया गया है। गाने के दृश्यों व वेशभूषा को ठीक किया जाए अन्यथा फिल्म को मध्यप्रदेश में अनुमति दी जाए या नहीं दी जाए, यह विचारणीय होगा। फ़िलहाल इस गाने पर देशभर में विवाद जारी हैं।