भोपाल : शिवराज सरकार के स्कूल शिक्षा एवं सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार ने दान से आय प्राप्त करने के लिये एक पब्लिक ट्रस्ट बनाया है। उन्होंने इस ट्रस्ट में चल संपत्ति के रुप में पांच लाख रुपये होना प्रकट किये हैं। राज्य मंत्री ने इस ट्रस्ट का मुख्यालय अपना स्वयं का घर ही रखा है तथा इसका पता 11 श्रीनगर, शुजालपुर मंडी जिला शाजापुर है। परमार इसी जिले की शुजालपुर विधानसभा सीट से विधायक भी हैं। उन्होंने इस ट्रस्ट का कार्यक्षेत्र संपूर्ण भारतवर्ष रखा है।
ट्रस्ट का उद्देश्य ग्रामीण, वनवासी, शैक्षणिक एवं सामाजिक दृष्टि से उपेक्षित क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिये शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन हेतु व्यवसायिक प्रशिक्षण, वाचनालय, व्यायाम शाला आदि के विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों का संचालन करना एवं प्रचार, प्रसार करना आदि रखा गया है। ट्रस्ट की आय का स्रोत भी दान-पत्र से आय होना उल्लेखित किया गया है। इस ट्रस्ट का विधिवत पंजीयन प्रमाण-पत्र जारी करने के लिये शुजालपुर के अनुविभागीय अधिकारी सत्येन्द्र सिंह ने द्वारा आदेश जारी किये जायेंगे।