केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल के बेटे की फॉर्च्यूनर ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में केंद्रीय मंत्री के बेटे प्रबल पटेल को भी चोट आई है। एयरबैग खुलने से केंद्रीय मंत्री के बेटे प्रबल पटेल और उनके साथ कार में सवार साथी बाल-बाल बच गए। घायलों के नाम राकेश पटेल, संदीप पटेल और मनीष हैं।
हादसा जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र के मेडिकल यूनिवर्सिटी के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो चालक को बचाने के चक्कर मे पहले कार रोड डिवाइडर से टकराई फिर ऑटो से टक्कर हुई. इसके बाद फॉर्च्यूनर कार झाड़ियों में घुस गई।
पूरे मामले की जांच गढ़ा थाने की पुलिस कर रही है। कार कौन चला रहा था, अभी यह पता नहीं चल सका है। हाल ही में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल भी एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए थे।