भोपाल: राजधानी के वल्लभ भवन एवं उसकी दो एनेक्सियों में स्थित मंत्रालय के सभी विभाग अपने सरकारी अभिलेख नष्ट करने में जुट गये हैं। यह कार्यवाही सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश पर हो रही है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने मंत्रालय में स्थित सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव एवं सचिव को निर्देश भेजकर कहा है कि सभी विभाग अपने अनुपयोगी अभिलेख का विनष्टीकरण करें और शेष उपयोगी अभिलेख समीपस्थ सतपुड़ा भवन स्थित नवनिर्मित शासकीय अभिलेखागार में भेजें ताकि वहां इन उपयोगी अभिलेखों का डिजीटाईजेशन हो सके। यह सब कार्यवाही, विधानसभा आम चुनाव के परिणाम आने के पूर्व से तेजी से विभागों द्वारा की जा रही है।
लोक अदालतों का रिकार्ड भी नष्ट होगा:
इधर राज्य के विधि विभाग अंतर्गत कार्यरत राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने भी पुराने अभिलेखों को नष्ट करने के निर्देश जारी किये हैं जिसमें तीन साल पुराने लोक अदालत के दस्तावेज भी नष्ट करने के लिये कहा गया है। प्राधिकरण ने विधानसभा और लोकसभा के प्रश्नों से संबंधित पांच वर्ष पुरानी नस्तियां भी नष्ट करने के लिये कहा है।