इंदौर. मध्यप्रदेश के इंदौर में रविवार देर रात बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई. कुछ लुटेरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और चाकुओं से भी हमला किया, जिससे एक सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही घायल हो गए. फिलहाल उनका उपचार चल रहा है। कुछ बदमाश भी इस घटना में घायल हुए हैं. पुलिस दो दिन पहले देवम के साथ हुई लूट की घटना के आरोपियों को पकडऩे के लिए चिनार हिल्स गई थी. बदमाशों को पकडऩे पहुंची पुलिस पर आरोपियों ने हमला बोल दिया. पहले चाकुओं से हमला किया और इसके बाद फायरिंग शुरु कर दी. पुलिस ने भी जवाबी फायर किए जिससे दो बदमाश भी घायल हुए।
गुराडिय़ा के पास चिनार हिल्स में रविवार देर रात राजेंद्र नगर पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने स्कूटर की आड़ लेकर दनादन गोलियां चला दीं। जवाब में पुलिस ने भी फायर किए। पुलिस और लुटेरों के बीच काफी देर तक यह मुठभेड़ चलती रही, रुक—रुककर फायरिंग होती रही. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के आलाअधिकारी भी मौके पर पहुंचे. इधर मुठभेड़ के दौरान बदमाश खाई में कूद गए। पकडऩे के दौरान पुलिस पर चाकू से वार किया। इस घटना में एसआइ सचिन त्रिपाठी और सिपाही रवि शर्मा घायल हो गए। दो बदमाश धीरज माधवानी निवासी काटजू कालोनी और मोनू पिता मनोहर दुबे भी घायल हुए हैं।