लालगंज तहसील के इटौरी मकनपुर निवासी बड़ौदा ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक पद से रिटायर्ड अनिल मिश्र के बेटे योगेश, लोकेश, बेटी क्षमा व माधवी ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास की थी। सबसे बड़े योगेश मिश्रा यूपी कैडर के IAS हैं, बहन क्षमा IPS हैं, बहन माधुरी झारखंड कैडर की IAS और सबसे छोटे भाई लोकेश बिहार कैडर के IAS हैं।
UPSC की परीक्षा में सफलता हासिल कर इतिहास रचने वाले जिले के लालगंज तहसील के चार सगे भाई-बहनों का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड व एशिया रिकॉर्ड में पहले ही दर्ज किया जा चुका है, अब गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी इनका नाम आने की कवायदें तेज हो गई हैं। इसके लिए भी आवेदन कर दिया गया है। इसकी प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही इसमें भी नाम शामिल होने की उम्मीद की जा रही है।
आईएएस योगेश मिश्र ने कहा कि उन्होंने इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड व एशिया बुक ऑफ रिकार्ड में नाम दर्ज करने के लिए आवेदन किया था। एजेंसियों ने करीब छह महीने तक इसकी बाकायदा छानबीन की। सप्ताह भर पहले दोनों रिकार्ड में नाम दर्ज होने की सूचना प्राप्त हुई। हालांकि अभी सर्टिफिकेट व मेडल सितंबर महीने में आने की संभावना है।