भारतीय जनता पार्टी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट गई है। इसी सिलसिले में आज बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 का चुनावी शंखनाथ कर दिया है। उन्होंने सबसे पहले मेगा रोड़ शो कर जनता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कांग्रेस पार्टी पर सियासी हमला-
रोड़ शो के बाद जेपी नड्डा ने रायपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। अपने संबोधित में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अगर बना तो वो भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के कारण बना। छत्तीसगढ़ अलग राज्य बनने का एक विचार था और उस विचार को अटल जी ने साकार किया। पीएम मोदी ने भारत की राजनीति की संस्कृति बदल डाली है।
उन्होंने आगे कहा कि एक समय था जब कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस के भूपेश बघेल जैसे नेता भाई को भाई से लड़ाते रहे है, जाति के नाम पर वोट मांग कर समाज को खंडित करते रहे हैं, भ्रष्टाचार के सहारे लोगों को गुमराह करते रहे हैं। ये मोदी जी की संस्कृति है कि अब किसी को भी जनता के सामने जाना पड़ेगा तो अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जाना पड़ेगा।
सीएम भूपेश बघेल पर वार-
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल पर हमला बोलते हुए जेपी नड्डा बोले, छत्तीसगढ़ में अभी बड़ी संख्या में आदिवासी भाई मारे गए, मगर छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल केरल में राहुल गांधी के साथ ताली बजा रहे थे। छत्तीसगढ़ की जनता को छोड़कर एक परिवार की सेवा में लग गए हैं, आज ये स्थिति आ गई है।
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में एक तरफ कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार है जो सिर्फ और सिर्फ जनता को लूटने में लगी है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा की सरकार थी जो दिन-रात छत्तीसगढ़ की जनता की सेवा में लगी थी। राजनीति, कुर्सी पर बैठने का विषय नहीं है, राजनीति, गद्दी पर अड्डा जमाने का विषय नहीं है, राजनीति, सेवा के भाव से है और भाजपा के लिए सेवा ही लक्ष्य है। भाजपा के लिए सत्ता माध्यम है, सेवा हमारा लक्ष्य है।