केंद्र की मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में जल्द ही बड़े बदलाव होने की उम्मीद हैं. मोदी मंत्रिमंडल के विस्तार और फेरबदल की चर्चा चारों तरफ सुनाई देने लगी है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, माना जा रहा है कि 14 जनवरी के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार और फेरबदल हो सकता है. बजट सत्र 2023 से पहले ही विस्तार और फेरबदल होने की संभावना है.

जेपी नड्डा का कार्यकाल 20 जनवरी को होगा खत्म-

संभावित बदलावों को बीजेपी के संगठन में सुधारों से जोड़ा जा सकता है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल भी 20 जनवरी को समाप्त हो रहा है. इसके अलावा पार्टी जनवरी में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी करेगी. साथ ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के कुछ सांसदों को नए मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है.

कुछ मंत्रियों को हटाया जाएगा-

ऐसी खबरें हैं कि कुछ मंत्रियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर हटाया भी जा सकता है. मोदी 2.0 कैबिनेट में आखिरी फेरबदल 7 जुलाई 2021 को हुआ था, जिसमें कुछ प्रमुख नामों सहित 12 मंत्रियों को हटा दिया गया था. 2023 में नौ राज्यों में चुनाव होने हैं और 2024 में लोकसभा चुनाव भी हैं. इन्हीं राजनीतिक गुणाभागों को ध्यान में रखते हुए विस्तार और फेरबदल किया जाएगा. अब बीजेपी की नजर त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, तेलंगाना, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में होने वाले चुनावों पर है. 

संगठन में परिवर्तन के आसार-

बीजेपी संगठन में भी बदलाव होने के आसार दिखाई दे रहें है. पूर्व में संघ और भाजपा के बीच संगठन में बदलाव को लेकर बैठकें होती रही हैं. अब यह उम्मीद है कि कई राज्यों के प्रभारी और संगठन के महासचिव सहित अध्यक्ष भी चेंज हो सकते हैं.