बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान के बारे में कहा जाता है कि वह फिल्म पूरी शिद्दत से बनाते है और उसकी मार्केटिंग में भी जी-जान लगा देते हैं। इसका असर उनकी फिल्मों के कलेक्शन पर भी दिखता है लेकिन इस बार आमिर के फिल्म मेकर्स को फायदा होने के बजाए नुकसान हो रहा है। दरअसल विवादों के बीच रिलीज़ मूवी लाल सिंह चड्डा सिनेमाघरों में पहले ही दिन से दर्शको के लिए तरस रही है और फिल्म के कलेक्शन में रोज़ गिरावट आ रही है। कलेक्शन में गिरावट को देखकर लगता है कि लाल सिंह चड्डा के मेकर्स को भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है।
मेकर्स को बड़ा नुकसान
रक्षा बंधन यानी 11 अगस्त को रिलीज़ हुई 'लाल सिंह चड्ढा ओपनिंग डे सिर्फ 11.7 करोड़ रुपये की कमाई कर पाई। रिलीज के तीसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म ने 9 करोड़ रुपये का कारोबार किया। रविवार के दिन फिल्म के कलेक्शन में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली। वहीं सोमवार यानी 15 अगस्त छुट्टी के मौके पर भी फिल्म को दर्शक नही मिले और 'लाल सिंह चड्ढा' की कमाई में 18 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। फिल्म का बजट लगभग 180 करोड़ रुपए है और अब तक की हुई कमाई को देखकर लगता है कि इस फिल्म से मेकर्स को तकरीबन 100 करोड़ का नुकसान हो सकता है।
क्यों फ्लॉप हुई लाल सिंह चड्ढा ?
फिल्म एक्सपर्ट की मानें फिल्म फ्लॉप होने के कई कारण हैं। लाल सिंह चड्ढा के रिलीज़ होने के पहले ही सोशल मीडिया पर फिल्म के बायकॉट की मांग उठी थी जिसका फिल्म पर नेगेटिव असर पड़ा। वहीँ आमिर खान की फिल्म फॉरेस्ट गंप की रीमेक है जिसे ज्यादातर लोग देख चुके हैं। ऐसे में देखी हुई फिल्म को बदले हुए कलाकारों के साथ देखना मुश्किल होता है।