MP Board Exams: एमपी बोर्ड परीक्षा 2024 की परीक्षाएं 5 फरवरी सोमवार से शुरू हो गई है जो 5 मार्च तक चलेंगी। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू हुईं जो 28 फरवरी तक चलेंगी। वहीं एमपी बोर्ड 12वीं की परीक्षाएं 6 फरवरी 2024 से शुरू होंगी और 5 मार्च को खत्म होंगी।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने परीक्षा में बैठ रहे विद्यार्थियों को शुभकांनाएं दी हैं। अपने X हैंडल पर एक पोस्ट शेयर करते हुए सीएम यादव ने लिखा है, कि मेरे प्यारे बेटे - बेटियों, आज से माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड की परीक्षाएं प्रारंभ हो रही हैं। आप सभी तनाव रहित होकर एकाग्रता एवं आनंद के साथ परीक्षा में भाग लीजिए। आप परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ दें, निश्चय ही आपके परिश्रम का सुखद फल मिलेगा। मेरी शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद आप सभी के साथ हैं।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने X हैंडल पर लिखा है, आज से माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड की परीक्षाएं प्रारंभ हो रही हैं। मैं सभी विद्यार्थियों के अच्छे प्रदर्शन की कामना करता हूँ। साथ ही यह भी कहना चाहता हूँ कि स्वस्थ मन से परीक्षा दें, अनावश्यक तनाव ना लें। अंततः परीक्षा एक दिन की मेहनत पर नहीं वर्ष भर की मेहमत पर निर्भर करती है। आप सभी के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ।
आपको बता दें, इस बार 9,92,101 छात्र और 7,48,238 छात्राएं 10वीं की परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा के लिए राज्य भर में 7,501 केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षाओं को लेकर विभिन्न जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। कॉपी और पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए शिक्षा बोर्ड की ओर से कई इंतजाम किए गए हैं।